
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में जनपद में कुल 131 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से 101 भवनों के लिए भूमि चिन्हांकित कर प्रस्ताव उपजिलाधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि 29 ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव आना शेष है।
उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा स्थल चयन की बैठकें की जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां भूमि उपलब्ध है वहां के प्रस्ताव तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को दिए जाएं, और जहां चिन्हांकन नहीं हुआ है वहां निर्विवाद भूमि सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही यह भी कहा कि चयनित स्थान तक ट्रक आदि की पहुंच सुगम होनी चाहिए ताकि खाद्यान्न आपूर्ति सुचारु रूप से की जा सके।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि अब तक सरकारी राशन की दुकानें कोटेदारों के निजी आवासों से संचालित होती थीं, जिससे ट्रक की पहुंच और आपूर्ति में बाधाएं आती थीं। शासन के निर्णय के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण से आपूर्ति व्यवस्था और अधिक पारदर्शी एवं सुगम होगी, जिससे लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक उपस्थित रहे।