जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।जिले के बिहार थाना क्षेत्र के परसंडा गांव में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की संदिग्धपरिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को 26 वर्षीय रेनू की मौत की खबर से मायके और गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, रेनू की शादी तीन वर्ष पूर्व सोनू के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते रहे। मायके पक्ष का आरोप है कि रेनू को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था और कई बार समझौते के बाद उसे ससुराल वापस भेजा गया, लेकिन मांगें और प्रताड़ना बंद नहीं हुईं।
बुधवार देर रात रेनू की मौत की सूचना परिवार को मिली। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने योजनाबद्ध तरीके से बहन की हत्या की है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति सोनू समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

