ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।जनपद के शुक्लागंज क्षेत्र में गंगा की बाढ़ से प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष पहल करते हुए गुरुवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। वार्ड-8 मनोहर नगर और वार्ड-17 शक्तिनगर में राष्ट्रीय सचल चिकित्सा इकाई द्वारा लगाए गए इस शिविर का शुभारंभ वार्ड 8 के सभासद प्रतिनिधि शहजादे ने किया।शिविर का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने अपनी टीम के साथ किया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश के निर्देश पर आयोजित किया गया था।
शिविर में 150 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों की मलेरिया, टाइफाइड, डेंगू और शुगर की स्क्रीनिंग की गई, वहीं 55 मरीजों के पैथोलॉजिकल परीक्षण भी किए गए। डॉक्टरों ने बाढ़ के समय फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया और सभी मरीजों को मौके पर ही मुफ्त दवाएं वितरित की गईं। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने कहा कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जलजनित रोगों का खतरा अधिक होता है, इसलिए लोग लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।

