
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। नवाबगंज स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। कॉलेज के एक प्रोफेसर पर छात्रों ने अश्लील हरकतें करने और संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज छात्रों ने गुरुवार को प्रदर्शन करते हुए प्रोफेसर का पुतला दहन किया और इंटरनल परीक्षा के बहिष्कार की घोषणा कर दी।
प्रदर्शन और परीक्षा बहिष्कार की घोषणा के बाद कॉलेज प्रशासन बैकफुट पर आ गया। मामले में फिजियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और परीक्षा नियंत्रक को पहले निलंबित किया गया और अब उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया गया।
प्रिंसिपल डॉ. आर्यन श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रों की शिकायत पर प्राथमिक जांच की गई थी। आरोप सही पाए जाने पर प्रोफेसर को तत्काल सेवा से मुक्त कर दिया गया।
छात्रों का कहना है कि उनके पास प्रोफेसर के खिलाफ रिकॉर्डिंग और संदेशों के प्रमाण मौजूद हैं, जो कॉलेज प्रशासन को सौंपे गए हैं।



