
फतेहपुर ।शाह चौकी क्षेत्र में मिट्टी खनन, अवैध शराब और गांजा की बिक्री खुलेआम धड़ल्ले से हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे कारोबार को चौकी स्तर से संरक्षण प्राप्त है। सूत्रों का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क में एक स्थानीय स्कूल प्रबंधक की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। क्षेत्रीय स्तर पर कोई भी कार्य हो, उसमें उक्त प्रबंधक की दस्तक देखी जा सकती है।
जानकारों के अनुसार चौकी में तैनात एक सिपाही इस पूरे जरायम नेटवर्क को संचालित करता है। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी कार्यक्रम में भी चौकी प्रभारी ने अपने “खास” सिपाही और प्रबंधक को ही जिम्मेदारी सौंप रखी थी। इन दोनों ने बाकायदा सूची तैयार कर वसूली की, जबकि शासन स्तर से साफ निर्देश थे कि जन्माष्टमी पर किसी भी प्रकार का चंदा या वसूली नहीं की जाएगी–
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रबंधक का स्कूल महज़ नाम के लिए संचालित है, जबकि उसका पूरा ध्यान चौकी व्यवस्था और कथित अवैध कारोबार की पैरवी में ही रहता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री बड़े पैमाने पर होती है, लेकिन शाह चौकी पुलिस उस पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें सुरक्षा प्रदान करती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है–



