जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के बेहटीगोपालपुर गांव में मंगलवार को नाली में पाइप डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
पीड़ित धुन सिंह के अनुसार, वे अपने घर के पास जल निकासी के लिए नाली में पाइप डाल रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के सुरेश, अमित, महेश, हिमांशु और अन्य लोग वहां पहुंचे और पाइप डालने पर आपत्ति जताई। मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी पक्ष ने धुन सिंह के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
गंभीर मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं, जिनमें महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। घटना के बाद गांववालों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत किया, लेकिन तब तक घायलों की हालत बिगड़ चुकी थी। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपितों को पीड़ित पक्ष के घर में घुसकर मारपीट करते देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया है और लोगों में भारी आक्रोश है।
घटना की सूचना मिलते ही अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेश पाठक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो की भी तकनीकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी विवाद को बातचीत से सुलझाएं, न कि हिंसा से।
गांव में अब भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, पुलिस सतर्क है।

