
नोएडा।। क्षेत्रीय श्रमायुक्त (केंद्रीय) हरिओम गौतम के समक्ष आज हुई वार्ता के बाद मैसर्स- भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) सेक्टर- 16 ए, नोएडा की 01 से 03 जुलाई 2025 से प्रस्तावित हड़ताल/ तालाबंदी करने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
उक्त की जानकारी देते हुए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि केंद्रीय वेतनमान लागू करवाने और गैर कानूनी तरीके से निकाले गए 17 कर्मचारियों को पुनः कार्य पर बहाल करने की मांग को लेकर 23 अप्रैल 2025 से कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए हैं जो आज 68 वे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा और 01 से 03 जुलाई को हड़ताल/ तालाबंदी का कार्यक्रम था। उक्त पर क्षेत्रीय श्रमायुक्त केंद्रीय ने आज अपने सेक्टर- 62, नोएडा कार्यालय पर सीटू नेताओं और बीएचईएल प्रबंधकों को बुलाकर वार्ता कराई और वार्ता की अगली तिथि 07-07- 2025 तय की गई।
उक्त वार्ता में बीएच ईएल के उच्च प्रबंधकों को बुलाया गया है। उक्त वार्ता के आधार पर कांटेक्ट लेबर इंप्लाइज यूनियन सीटू ने 1 से 3 जुलाई को प्रस्तावित हड़ताल/ तालाबंदी का कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया।
क्षेत्रीय श्रमायुक्त केंद्रीय के समक्ष हुई बातचीत में सीटू जिला अध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, महासचिव रामसागर, कर्मचारियों की ओर से श्रमिक प्रतिनिधि रंजीत सिंह, मनमोहन सिंह, सुरेंद्र, बीना ने हिस्सा लिया।
सीटू जिला महासचिव रामसागर ने कहा कि यदि श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से हड़ताल/ तालाबंदी करने का निर्णय करेंगे। कल से होने वाली हड़ताल/ तालाबंदी स्थगित कर दी गई है, लेकिन कंपनी के समक्ष चल रहा धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।


