
लखनऊ।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की प्रेरणा तथा प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन में, राज्य संग्रहालय लखनऊ में चल रहे ग्रीष्मकालीन रचनात्मक सत्र “खुशियों की पाठशाला (Happy Hours)” के अंतर्गत शनिवार को “आर्ट एंड क्राफ्ट” गतिविधि का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की परिकल्पना एवं निर्देशन राज्य संग्रहालय निदेशक डॉ. सृष्टि धवन द्वारा किया गया है।
आज के सत्र का समन्वय सहायक निदेशक डॉ. मीनाक्षी खेमका द्वारा किया गया, जिसमें विज्ञान फाउंडेशन के लगभग 35 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने रंग-बिरंगे क्राफ्ट पेपर, स्टिकर्स व रंगों की मदद से पेन स्टैंड, घर, वॉल हैंगिंग, ग्रीटिंग कार्ड्स, फ्रेम, परी, लिफाफे, लैंडस्केप आदि की सुंदर कलाकृतियां बनाईं। इस रचनात्मकता से बच्चों की कलात्मक रुचि, सौंदर्यबोध और बौद्धिक क्षमता सामने आई।
कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता अत्यंत उत्साहपूर्ण रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां न केवल बाल मनोविज्ञान को सकारात्मक दिशा देती हैं, बल्कि उनमें संवेदनशीलता और सृजनशीलता को भी विकसित करती हैं।
इस आयोजन में प्रीती साहनी, धनंजय राय, प्रमोद कुमार, शशिकला राय, गायत्री गुप्ता, अनुराग द्विवेदी, राजेश, मो. परवेज, आशीष तिवारी और पूनम आदि का सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा।

