
लखनऊ, 24 जून 2025। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा है कि प्रत्येक पात्र छात्र को छात्रवृत्ति पाने का पूर्ण अधिकार है और मुख्यमंत्री जी की स्पष्ट मंशा है कि कोई भी छात्र केवल धन के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने यह बात भागीदारी भवन स्थित सभागार में आयोजित हितधारक परिचर्चा की अध्यक्षता करते हुए कही। यह परिचर्चा प्रधानमंत्री के Reform-Perform-Transform विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में छात्रवृत्ति योजनाओं की वर्तमान स्थिति का अध्ययन करने और निदान सुझाने हेतु गठित टीम तथा विभिन्न हितधारकों के साथ आयोजित की गई थी।

परिचर्चा में छात्रवृत्ति से जुड़ी कुल 18 समस्याओं पर चर्चा हुई, जिनमें अनिश्चितता, हर वर्ष नया आवेदन, विलंबित परीक्षा परिणाम, निजी विश्वविद्यालयों द्वारा मनमानी फीस निर्धारण, निगरानी तंत्र की कमजोरी, प्रदेश से बाहर पढ़ने वाले छात्रों की पढ़ाई में रुकावट, फेल्ड ट्रांजेक्शन, सूचना का अभाव, पोर्टल की अक्षमता, एकीकृत प्रणाली का अभाव जैसी प्रमुख समस्याएं शामिल रहीं। मंत्री ने निर्देश दिए कि तुलनात्मक रिपोर्ट शीघ्र तैयार की जाए और नियमावली में ऐसे सुधार किए जाएं जिससे अधिक से अधिक पात्र छात्रों को सरलता, पारदर्शिता और समयबद्ध ढंग से छात्रवृत्ति मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्रियों के साथ भी इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जा चुकी है। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, उमेश द्विवेदी,अंगद सिंह तथा अवनीश सिंह भी उपस्थित रहे।


