संवाददाता सचिन पाण्डेय
सफीपुर (उन्नाव)।
जमालुद्दीनपुर गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर सोमवार रात हंगामे का माहौल बन गया, जब नमकीन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद लाठी-डंडों तक जा पहुंचा। बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार युवक न केवल दुकानदार से झगड़ा कर बैठे, बल्कि जाते-जाते उसकी अंगुली भी काट ले गए। वहीं, सेल्समैन ने करीब 80 रुपये की नकदी लूटे जाने की बात भी कही है।
झगड़े की जड़ बनी नमकीन
मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार, रात के समय सुधीर और गुलाब नामक दो युवक शराब लेने पहुंचे थे। शराब लेने के बाद जब उन्होंने नमकीन की मांग की तो किसी बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और सेल्समैन रणजीत कुमार घायल हो गया।
अंगूठा काट ले गए लुटेरे!
घायल सेल्समैन का आरोप है कि आरोपियों ने सिर्फ झगड़ा नहीं किया, बल्कि जाते-जाते उसका अंगूठा भी काट ले गए। युवक का कहना है कि यह अंगूठा लूट की निशानी के तौर पर ले जाया गया।
पुलिस ने एक को दबोचा, दूसरा फरार
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जबकि दूसरा युवक फरार बताया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी सुब्रत नारायण तिवारी ने बताया,
“सेल्समैन का मेडिकल कराया गया है, सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।”
ग्रामीणों की नाराजगी, पुलिस पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ठेके पर विवाद कोई नई बात नहीं है, आए दिन झगड़े होते हैं, लेकिन पुलिस की नींद तब टूटती है जब मामला बिगड़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ठेके पर सख्त निगरानी की मांग की है।
पुलिस ने लूट से किया इनकार
हालांकि, पुलिस ने अभी तक की जांच में लूट की घटना से इनकार किया है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


