कानपुर:
कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र स्थित लोहिया फैक्ट्री TIL में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान निकली चिंगारी ने फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे धागों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे सभी कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। आग लगने के बाद पूरे परिसर में धुंआ फैल गया और स्थिति को काबू में करने के लिए फैक्ट्री में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम को सक्रिय किया गया।
फिलहाल आग बुझाने का प्रयास जारी है। हालांकि, अभी तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस आग से करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन और दमकल विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और शॉर्ट सर्किट या वेल्डिंग से निकली चिंगारी को संभावित कारण माना जा रहा है।



