
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
बांगरमऊ, उन्नाव ।। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के शेरपुर माइनर के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक स्लिप होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम अतरी निवासी विनोद 30 वर्ष पुत्र नंदलाल व अजय 21 वर्ष पुत्र छोटेलाल दोनों गत मंगलवार को देर रात बाइक से शेरपुर कला जाने के लिए निकले थे। रास्ते में शेरपुर माइनर पट्टी पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । प्रत्यक्षदर्शी की सूचना पर पहुंचे सरकारी एंबुलेंस दोनों घायलों को यहां के सरकारी अस्पताल लाई। यहां के चिकित्सकों ने दोनों युवको को मृत घोषित कर बेहटा मुजावर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची बेहटा पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त की और घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है दोनों आपस में चचेरे भाई हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद आज दोनों शव जैसे ही घर पहुंचे तो मृतक विनोद की पत्नी रेखा दहाड़े मार कर रोने लगी। पुत्री लक्ष्मी 8 वर्ष , पुत्र आर्यन 6 वर्ष, व दिवान्ग 4 वर्ष को मालूम ही नहीं कि उनके सर से पिता का साया उठ चुका है। मां को रोता देख सभी बच्चे हक्का-बक्का थे। वही अजय अविवाहित था। उसकी मां मुन्नी देवी रो-रो कर कह रही थी कि अब उसका सहारा कौन बनेगा।।


