
अयोध्या, 18 मई 2025। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अयोध्या जनपद के फैजाबाद शाखा स्थित किलोमीटर 81.100 पर निर्माणाधीन क्रॉस रेगुलेटर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना क्षेत्रीय सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे अयोध्या के हजारों किसानों को समयबद्ध व नियमित सिंचाई जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।


मंत्री ने बताया कि इस रेगुलेटर के निर्माण से पौसरा रजवाहा (लंबाई 32 किलोमीटर) में नियंत्रित जल प्रवाह सुलभ होगा। साथ ही इस रजवाहे से जुड़ी 28 माइनर शाखाएं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 70 किलोमीटर है, भी इस जलप्रवाह से लाभान्वित होंगी। इससे अयोध्या जनपद के कई गांवों के किसानों को खेती के लिए आवश्यक पानी समय पर उपलब्ध होगा, जिससे उनकी फसल की उत्पादकता में सुधार होगा।

निरीक्षण के दौरान जलशक्ति मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित अभियंताओं व अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना का कार्य पूरी पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

मंत्री ने कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘हर खेत तक पानी’ के संकल्प को लेकर काम कर रही है। यह परियोजना न केवल सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि किसानों की उत्पादन लागत घटाएगी और उनकी पंपिंग व्यवस्था पर निर्भरता भी कम करेगी, जिससे ऊर्जा और भूगर्भ जल दोनों का संरक्षण संभव होगा।”

इस अवसर पर मंत्री ने यह भी कहा कि यह क्रॉस रेगुलेटर केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के संकल्प का परिचायक है।