
लखनऊ।।लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने बी0के0टी0 के ग्राम-टिकरी में एक अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी श्री रवि नंदन सिंह ने बताया कि बजरंग व अन्य द्वारा रेलवे क्रॉसिंग के पास लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अनधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था और अवैध कालोनी का निर्माण किया जा रहा था। यह प्लाटिंग बिना प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति प्राप्त किए की जा रही थी। प्राधिकरण ने इसके खिलाफ विहित न्यायालय में वाद योजित किया था, जिसके बाद ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए।
इसी आदेश के अनुपालन में अवर अभियंता श्री इम्तियाज अहमद और श्री शिव कुंवर की निगरानी में प्राधिकरण पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस बल की मदद से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इस कार्यवाही के दौरान डेवलपर द्वारा बनाई गई सड़क, नाली, बाउंड्रीवाल आदि को भी ध्वस्त कर दिया गया।
एलडीए की यह कार्रवाई अवैध निर्माण के खिलाफ किए जा रहे सख्त कदमों का हिस्सा है, जिससे भविष्य में ऐसे अनधिकृत प्लाटिंग की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

