
लखनऊ।।उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को बसंत पंचमी के अमृत स्नान पर तीर्थराज प्रयाग महाकुंभ की त्रिवेणी के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने मां गंगा की विधिवत पूजा अर्चना कर तथा भगवान भोलेनाथ और सूर्य भगवान को अर्घ देकर देश और प्रदेशवासियों की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
मंत्री ने कुम्भ मेला क्षेत्र में नगर विकास विभाग द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जिनमें मूत्रालय, शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था और घाटों पर कपड़े बदलने की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इन व्यवस्थाओं के बारे में उनकी राय ली, और सभी श्रद्धालु अत्यधिक प्रसन्न और प्रभावित नजर आए।

मंत्री के संगम त्रिवेणी में स्नान करने के बाद वहां पर युगांडा और कर्नाटक से आए श्रद्धालुओं ने उन्हें रोककर महाकुंभ की व्यवस्थाओं और विशेष रूप से स्वच्छता और लाइटिंग की प्रशंसा की। मंत्री ने इसका श्रेय सफाई कर्मियों और बिजली कर्मचारियों को देते हुए उन्हें नमन किया और धन्यवाद कहा। इस पहल से यह स्पष्ट हो गया है कि देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से आए श्रद्धालु भी महाकुंभ की व्यवस्थाओं से प्रभावित और गौरवान्वित होकर लौट रहे हैं।

नगर विकास मंत्री महाकुंभ में दो हफ्तों से लगातार तीर्थराज प्रयाग में रहकर व्यवस्थाओं पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं। जहां कहीं भी कमियां दिखती हैं, वह तत्काल अधिकारियों को निर्देश देकर सुधार करवा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो।
नगर विकास मंत्री के प्रयासों से और उनके नेतृत्व में कुम्भ मेला क्षेत्र की व्यवस्था अत्यधिक चाक-चौबंद रही। इसके परिणामस्वरूप, बसंत पंचमी के शाही स्नान में करोड़ों श्रद्धालुओं ने सुविधाजनक स्नान किया और उन्हें किसी भी प्रकार की कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

