
अमेठी।।जगदीशपुर ब्लॉक, जनपद अमेठी के ग्राम व पोस्ट मंगौली में 29 अप्रैल को आए आंधी-तूफान के दौरान एक बिजली खंभा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। घटना के सात दिन बाद भी बिजली बहाल न होने से ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है, वहीं आंशिक बहाली की मांग तेज हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षतिग्रस्त खंभा ग्राम सभा के अंतिम घर के पास स्थित है, जहां आगे कोई कनेक्शन नहीं है। ऐसे में पूरे गांव की आपूर्ति बंद रहना आवश्यक नहीं माना जा रहा है। मौके पर एबीसी (ABC) वायर जमीन पर पड़ा हुआ है, जो वर्तमान में आपूर्ति बहाली में मुख्य बाधा बना हुआ है।

ग्रामीणों का सुझाव है कि टूटे खंभे से जुड़े हिस्से का कनेक्शन अस्थायी रूप से अलग कर या उसे पिछले खंभे पर सुरक्षित रूप से व्यवस्थित कर दिया जाए, जिससे शेष गांव की विद्युत आपूर्ति तत्काल शुरू की जा सके। स्थायी मरम्मत कार्य बाद में भी किया जा सकता है।
गांव के वरिष्ठ नागरिक राम गोपाल तिवारी ने कहा, “पहले लाइन चालू कर दी जाए, खंभा बाद में भी लगाया जा सकता है, ताकि गांव की बाकी लाइटें चालू हो सकें।”
गर्मी के इस मौसम में बिजली न होने से बच्चों की परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। मोबाइल चार्जिंग ठप होने से संचार व्यवस्था बाधित है, नलकूप व समरसेबल बंद पड़े हैं, जिससे जलापूर्ति पर असर पड़ा है। वहीं गांव में चल रहे विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली अब बुनियादी आवश्यकता बन चुकी है और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग एवं प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेते हुए आंशिक या पूर्ण बहाली सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके।


