
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने महाकुंभ हादसे पर अहम बयान दिया। उन्नाव में ‘संवैधानिक अधिकार रथयात्रा’ के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। बता दे कि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं घटना की मॉनिटरिंग कर रहे थे और उनकी सतर्कता से बड़े हादसे को टाला जा सका। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं और जल्द ही सभी तथ्य सामने आ जाएंगे। पहले दिए गए अपने विवादित बयान पर सफाई देते हुए संजय निषाद ने कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते उनका पहला कर्तव्य ऐसी घटनाओं को रोकना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए ‘लाशें छिपाने’ के आरोप को उन्होंने खारिज कर दिया। मंत्री ने कहा कि न्यायिक जांच में सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों के संदर्भ में निषाद ने कहा कि सरकार पूरी तरह से पारदर्शी है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य निषाद समुदाय को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज के वंचित तबकों को न्याय दिलाने के लिए चलाई जा रही है और इससे लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है।



