
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। जिला महिला अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्वस्थ नवजात की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। अचलगंज की रहने वाली कंचन ने 18 जनवरी को एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन शुक्रवार को अस्पताल प्रशासन ने अचानक बच्चे की मौत की सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने उनके जीवित बच्चे की जगह किसी और का मृत बच्चा थमा दिया है। उनका कहना है कि जन्म के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था और अचानक मौत की खबर संदेह पैदा करती है। मामला इतना बिगड़ा कि अस्पताल प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। बता दे कि जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टाफ को तलब किया है और आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। कंचन के परिवार ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और अस्पताल प्रशासन से पूछताछ जारी है। यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त लापरवाही और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। परिजनों का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, वे शांत नहीं बैठेंगे।



