
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।। बीघापुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 17 वर्षीय किशोरी का क्षत-विक्षत शव कूल्हे गांव के पास जंगल में मिला है। किशोरी पिछले 8 दिनों से लापता थी। पिछले सोमवार को वह घर से लकड़ी लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बता दे कि मृतका अनुष्का के पिता दिनेश कुमार ने अपने भतीजे राम प्रसाद, उसकी पत्नी सोनी और प्रभु दयाल लोध पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपियों ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। जंगल में मिले शव को जंगली जानवरों ने बुरी तरह नोच डाला था, जिसे देखकर परिजन और ग्रामीण सकते में आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और सबूत जुटाने में जुटी है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।