
चंदौली।।जनपद के कहुअवा घाट पुल के पास शनिवार को पुलिस ने स्कार्पियो से 61 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया। स्कोर्पियो में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्कार्पियो से गांजा लेकर बुलंदशहर जा रहे हैं। टीम नौगढ़ धनकुंवारी मार्ग पर पुलिस गश्त कर रही थी।

कहुअवा घाट पुल के पास शाहपुर मगरही के तरफ से स्कार्पियो तेजी से आती हुई दिखाई दी। रुकने का इशारा किया तो चालक भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी कर स्कार्पियो संख्या जेएच 01 एफजी 6930 को पकड़ लिया, लेकिन स्कार्पियो से उत्तरकर तस्कर भागने लगे। पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ लिया। तस्कर मोंटी जादौन व गोल्डी सिंह निवासी ग्राम क्यौली खुर्द थाना अरनियां जनपद बुलंदशहर के हैं। दोनों ने बताया कि बिहार के भभुआ जिले के डूमरकोन से गांजा लेकर बुलंदशहर और अलीगढ़ के कई इलाकों में बेंचने का काम करते हैं।