
सचिन पाण्डेय
उन्नाव। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा वर्ष 2023 में आयोजित करायी गयी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विकास भवन सभागार में विधायक सदर पंकज गुप्ता, विधायक सफीपुर बम्बालाल दिवाकर तथा जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 09 छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय मेधावी विद्यार्थी पुरूस्कार तथा 13 छात्र-छात्राएं जनपद स्तरीय के लिए चयनित किए गए हैं। राज्य स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं को रू0 01.00 लाख तथा जनपद स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं को रू0 21,000.00 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध करायी गयी है। इसके अतिरिक्त सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, टैबलेट व मैडल देकर भी सम्मानित किया गया।
मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में विधायक सदर ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी के माता-पिता व शिक्षक/गुरूजन भी बधाई के पात्र हैं। जीवन में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी विद्यार्थी गण अच्छी से अच्छी शिक्षा प्राप्त करें और अपने जनपद, प्रदेश व देश का नाम दुनियां में रोशन करें। विधायक सफीपुर ने सभी मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सफलता की इस ऊॅचाई को बरकरार रखने के लिए सतत् परिश्रम की जारूरत होगी। इस अवसर पर डीएम व सीडीओ ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव मेधावी छात्र-छात्राओं से साझा किए।

सीडीओ ऋषिराज ने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए हर पायदान पर सीखना और संघर्ष करना पडे़गा। उन्होंने कहा कि दुनियां में हर सवाल का जवाब है, बस आपको खोजने के लिए कठिन मेहनत की आवश्यकता होगी। डीएम ने सभी मेधावियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकानाएं देते हुए कहा कि आप सभी छात्र-छात्राएं भविष्य में सफल होने के लिए इसी तरह की सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखें। हमें जीवन में सफल होने के लिए लक्ष्य के अनुरूप द्रढ़ संकल्पित होकर कठिन परिश्रम करना होगा। स्कूल का समय व्यक्तित्व निर्माण करने का समय होता है। आपमें सीखने की चाह हमेशा बनी रहनी चाहिए। जो जितना अच्छा सीखता है, वह उतना ही अच्छा अपने जीवन में कर पाता है। इस अवसर पर अमर उजाला फाउन्डेशन द्वारा भी मेधावी छात्र-छात्राओं को मैडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
