
सचिन पाण्डेय
उन्नाव।14 जून 2023 (सू0वि0) एयर कमोडोर नरेश कुमार सैदा, एयर आफीसर कमांडिंग, 7 एयर फोर्स हास्पिटल, कानपुर नगर द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, उन्नाव का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी डा0 पूनम सैदा व स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, उन्नाव के साथ कार्यालय स्थित शहीद स्मारक में रीथ अर्पित कर शहीद व दिवन्गत सैनिकों को नमन करते हुये भावभीनी श्रृद्धान्जलि दी गयी, साथ ही सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति श्रृद्धा, सम्मान एवं समर्पण के प्रतीक रूप में स्थापित ‘‘शहीद स्मारक‘‘ की भव्यता को सराहा गया।

कार्यालय भ्रमण के दौरान एयर कमोडोर द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, उन्नाव की सुन्दरता, स्वच्छता एवं कार्यप्रणाली पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्क्वाड्रन लीडर की पूर्व सैनिकों के प्रति संवेदनशीलता एवं कुशल नेतृत्व की सराहना व्यक्त की गयी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के इलाज हेतु 7 एयर फोर्स हाॅस्पिटल सदैव तत्पर रहकर संवेदनशीलता के साथ सेवा करने में पूर्ण सहयोग करेगा एवं वरिष्ठ नागरिकों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जायेगा। स्क्वाड्रन लीडर ने एयर कमोडोर द्वारा कार्यालय में दिए गए अमूल्य समय के लिये आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया और कहा कि कार्यालय आपके परस्पर सहयोग से इसी प्रकार जनपद के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की सेवा करता रहेगा।

