
फतेहपुर।। जनपद के विजयीपुर क्षेत्र अंतर्गत तक्कीपुर गांव में बदहाल सड़क और खुली नाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
गांव निवासी अमित कुमार मिश्रा ने ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि घर के सामने बना खड़ंजा मार्ग कई वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि वह स्वयं दिव्यांग हैं और उनकी माता वृद्ध अवस्था में हैं। ऐसे में टूटा रास्ता और बीच में खुली नाली उनके लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार नाली पिछले लगभग छह महीनों से खुली पड़ी है, जिसमें लगातार जलभराव बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन छोटे बच्चे रास्ते में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं गंदगी और मच्छरों के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अमित कुमार मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बदहाल व्यवस्था के कारण उनके परिवार, वृद्ध माता या गांव के किसी बच्चे के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी ग्राम प्रधान और संबंधित प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल खड़ंजा मार्ग की मरम्मत कराई जाए, खुली नाली को ढंका जाए और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए।



