
फतेहपुर। जनपद में संचालित अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। पूर्व जिलाधिकारी द्वारा सेंटर का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के आदेश दिए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, सेंटर का संचालन लंबे समय से नियमों के विपरीत किया जा रहा है। आरोप है कि केंद्र संचालक एक सपा नेता हैं, जिन्हें सत्ता पक्ष के एक मंत्री का संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण कार्रवाई की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और अधिकारी खुलकर कदम उठाने से बच रहे हैं। बताया जा रहा है कि नियमानुसार अल्ट्रासाउंड जांच का समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 3 बजे से 5 बजे तक निर्धारित है, लेकिन अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर में पूरे दिन जांच किए जाने का आरोप है। इससे शासन द्वारा तय मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि पूर्व जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी सेंटर का संचालन जारी रहना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग नियमों के उल्लंघन पर कोई प्रभावी कार्रवाई करता है या फिर मामला राजनीतिक दबाव में दबकर रह जाएगा।



