
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मकबरा सादत अली खान परिसर से कीमती फैसाड लाइटें चोरी करने का आरोप है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को रिजवान हुसैन नामक व्यक्ति ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मकबरा सादत अली खान परिसर से फैसाड लाइटें चोरी होने की सूचना दर्ज कराई थी। इस मामले में कैसरबाग थाने में मुकदमा संख्या 87/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी ग्लोब पार्क के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही कैसरबाग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अंशु कश्यप, पुत्र स्वबलवरिया, निवासी कुतुबपुर मनकामेश्वर मंदिर के पीछे, थाना हसनगंज, लखनऊ बताया है। आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अंशु कश्यप ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों, अल्तमश और सोहेल के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस की सख्ती के बाद उसने अपनी निशानदेही पर हनुमान सेतु मंदिर के पास पुल के नीचे से चोरी की गई पांच फैसाड लाइटें फिलिप्स कंपनी बरामद कराईं।
आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी सड़क किनारे सो रहे मजदूरों या अन्य लोगों का कीमती सामान और नकदी चुराकर नशा करने व अपनी ऐश-ओ-आराम की जरूरतें पूरी करते हैं। उसने यह भी बताया कि इससे पहले सादत अली मकबरे के अंदर हुई लाइट चोरी में भी वह शामिल था, जिसमें उसके साथी अल्तमश और सोहेल पहले ही पकड़े जा चुके हैं। गिरफ्तारी के डर से वह काफी समय तक फरार रहा, लेकिन आज दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूमते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
कैसरबाग पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। आज 02 जुलाई 2026 उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस टीम की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह के एक और सदस्य पर शिकंजा कसा गया है।




