
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। गंगाघाट इलाके में जमीन-मकान बेचने के नाम पर 45 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रहमत नगर निवासी शान मोहम्मद खान ने ठेकेदार और प्रॉपर्टी ब्रोकर शकील समेत 7 लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से एफआईआर की मांग की है। दावा है कि आरोपी गैंग आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को शिकार बना चुका है। कानपुर में भी कई लोगों से ठगी की बात सामने आ रही है।
जाल में फंसाने का तरीका
पीड़ित शान मोहम्मद के मुताबिक वह प्राइवेट बैंक में नौकरी करता था। घर बनाने का ठेका लेने वाले शकील पुत्र नसीर ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताकर दो मकान 30 लाख में दिखाए। कहा- मकानों पर लोन है, पैसा दे दो तो रजिस्ट्री करा देंगे।
लोन और जेवर बेचकर दिए 45 लाख
शान मोहम्मद का आरोप है कि शकील के कहने पर उसने सफीक, नफीस, आफरीन इरम, फैजुद्दीन और अब्दुल हाफिज को RTGS, चेक, क्रेडिट कार्ड और नकद मिलाकर करीब 45 लाख रुपये दे दिए। भरोसा दिलाने को आरोपियों ने नोटरी भी बनवा दी। पैसे के लिए पीड़ित ने लोन लिया और पत्नी के जेवर तक बेच दिए।
कब्जा देकर दूसरे को बेचा मकान
आरोप है कि कब्जा देने के बाद रजिस्ट्री के नाम पर टालमटोल की गई। जांच करने पर पता चला कि वही मकान आरोपियों ने कानपुर निवासी मुख्तार पुत्र इब्राहिम को बेच दिया।
धमकी देकर भगाया
शिकायत करने पर आरोपी शकील, नफीस और आफरीन ने गाली-गलौज कर मारपीट की कोशिश की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित का आरोप है कि गैंग फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी करता है और रसूख के चलते थाने में कार्रवाई नहीं होती।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने लोन की किस्तें भरने की बात कहते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।



