
लखनऊ।। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जी के नेतृत्व एवं “जनता सर्वोपरि” की कार्यशैली के अंतर्गत प्रदेश में जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। चाहे शिकायत व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, मीडिया, ट्वीट अथवा जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त हो, संबंधित टीम तत्काल सक्रिय होकर समाधान सुनिश्चित करने में जुट जाती है।
ऐसा ही एक मामला जनपद अमेठी के जगदीशपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम एवं पोस्ट मंगौली में सामने आया, जहां दिनांक 29 अप्रैल 2026 को आए आंधी-तूफान के कारण कई विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पेयजल, बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल संचार एवं दैनिक जीवन की अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

इस संबंध में क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधि श्री गंगेश पाठक जी द्वारा समस्या की जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से मंत्री जी के मीडिया प्रकोष्ठ तक पहुंचाई गई। मामला संज्ञान में आते ही तत्काल ग्रामीणों से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित अधिशासी अभियंता एवं विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंत्री ए.के. शर्मा जी के स्पष्ट निर्देश थे कि ग्रामीणों की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद विभागीय टीम तुरंत सक्रिय हुई और ग्रामीणों के सहयोग से टूटे हुए खंभों को बदलने, गड्ढों की तैयारी एवं विद्युत तारों को पुनः व्यवस्थित करने का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कराया गया।
लगभग 24 घंटे के भीतर विभागीय टीम एवं ग्रामीणों के सहयोग से तीन से चार क्षतिग्रस्त खंभों को बदलकर विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई। बिजली आने के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा तथा ग्रामीणों ने माननीय ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समस्या समय पर मंत्री जी तक न पहुंचती तो संभवतः इतनी शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। ग्रामीणों ने मंत्री जी के स्टाफ एवं मीडिया प्रकोष्ठ की भी सराहना करते हुए कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही उन्होंने लगातार फॉलोअप कर समाधान सुनिश्चित कराया।
मंत्री शर्मा ने कहा कि जनता की सुविधा और जनहित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है।

