
लखनऊ। समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और मानवता के मूल्यों को लेकर कार्य कर रही राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा द्वारा जरूरतमंद परिवारों के सहयोग हेतु लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संगठन के तत्वावधान में लखनऊ में एक जरूरतमंद बेटी के विवाह का आयोजन कराया गया, जिसमें संगठन की ओर से आवश्यक घरेलू सामग्री, आशीर्वाद एवं सहयोग प्रदान किया गया।
संगठन की ओर से जानकारी दी गई कि आगामी 10 तारीख को सीतापुर के रामपुर मथुरा तथा 11 तारीख को जलालपुर सीतापुर में भी जरूरतमंद बेटियों के विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष देव प्रकाश शुक्ला ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रहित और मानव सेवा की भावना को समाज तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़ा प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता परिवार का हिस्सा है तथा संगठन सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों से भी ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग की अपील की। साथ ही कहा कि जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करना समाज और मानवता के प्रति एक सकारात्मक जिम्मेदारी है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय युवा वाहिनी द्वारा समय-समय पर सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में सहयोग और संस्कार की भावना को मजबूत करना है।

