कानपुर।।कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर शनिवार देर रात हाईस्पीड ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। अप और डाउन दोनों लाइनों पर ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) मोड में मेट्रो को 80 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार पर परखा गया।
फिलहाल कॉरिडोर-1 पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 16 किमी में यात्री सेवा चल रही है। शेष 8 किमी के इस सेक्शन पर सेवा शुरू होते ही पूरे कॉरिडोर-1 का निर्माण कार्य संपन्न हो जाएगा।
इस नए सेक्शन में सात स्टेशन यात्रियों के लिए खोले जाएंगे। इनमें झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर दो अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे, जबकि बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे।
यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने बताया कि सभी परीक्षणों के परिणामों का इंडिपेंडेंट सेफ्टी असेसमेंट कराया जा रहा है। सीएमआरएस टीम के निरीक्षण और मंजूरी के बाद ही इस सेक्शन पर व्यावसायिक सेवा शुरू की जाएगी।

