
लखनऊ।।राजधानी लखनऊ में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा, जोन-1 के नजरबाग वार्ड अंतर्गत फूलबाग क्षेत्र में 70 वर्षीय वृद्ध महिला उमा सोनकर पर मोहल्ले के आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि महिला के पैर का मांस तक अलग हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में वृद्ध महिला को सिविल हॉस्पिटल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इससे पहले भी इसी इलाके में आवारा कुत्तों के हमले में एक व्यक्ति की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि आखिर लखनऊ नगर निगम आवारा कुत्तों को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कितना गंभीर है?
लोगों में नाराजगी है कि क्या नगर निगम इंसानी जान से ज्यादा आवारा जानवरों की चिंता कर रहा है? इलाके के नागरिकों ने तत्काल अभियान चलाकर खतरनाक कुत्तों को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है |
