
सुल्तानपुर।।सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुल्तानपुर में आज विद्यालय अभिभावक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। उक्त सम्मेलन में कक्षा 6 के भैया बहनों के माता-पिता सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर सरस्वती वन्दना से किया गया।
अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन सरस्वती वन्दना के साथ पठन-पाठन का शुभारंभ होता है। मध्यान्ह भोजन मंत्र एवं वन्देमातरम् के साथ छात्रों का अवकाश होता है। हमारी शैक्षिक परंपरा राष्ट्रीयता की भावना एवं नैतिक मूल्यों से जुड़ी हुई है। हम अपने प्रत्येक छात्र का पूर्ण ध्यान रखते है। माता-पिता भी अपने बच्चों की आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए समय निकालकर उनके साथ बैठें।

मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व कोषाध्यक्ष आलोक कुमार आर्य ने कहा कि बच्चे जैसा बनना चाहते हैं उन्हें वैसा ही बनने दें,उन पर अपनी विचारधारा न थोपें।आगे बढ़ने में उनका सहयोग करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्रबंधक सुनील श्रीवास्तव ने अभिभावक-आचार्य सम्पर्क को छात्रों के उन्नति की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि सम्पर्क छात्रों के शैक्षिक उन्नयन में सहायक है।
सम्मेलन को विशिष्ट अतिथि कोषाध्यक्ष बलराम कसौधन एवं प्रबंध समिति के सदस्य शिक्षाविद् शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया।
अतिथियों द्वारा विद्या भारती की सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा की काशी प्रांत की मेरिट सूची में श्रेष्ठ स्थान धारक कक्षा 5 एवं 8 के 32 भैया बहनों को सम्मानित भी किया गया।

इससे पूर्व कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ आचार्य शरद श्रीवास्तव ने अतिथियों का परिचय कराया। वरिष्ठ आचार्या रंजना पाण्डेय ने कार्यक्रम की प्रस्ताविकी प्रस्तुत की। शशी द्विवेदी ने अतिथियों, अभिभावकों एवं कार्यक्रम के सहयोगियों का आभार ज्ञापित किया। संचालन संजीव चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर अखिलेश पांडेय,नीरज पाण्डेय पूजा शुक्ल, उदयशंकर दूबे, प्रतिभा मिश्रा, रागिनी मिश्रा आयुष सोनी,अभिनव टण्डन, गोपाल सिंह, अश्विनी कुमार तिवारी,आभा मिश्रा, गरिमा सिंह , प्रीति यादव आदि उपस्थित रहे।



