
वाराणसी।।धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में अब अपराधियों की खैर नहीं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए वाराणसी कमिश्नरेट के प्रमुख पदों पर ‘तेज-तर्रार’ महिला आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस रणनीति ने वरुणा और गोमती जोन में सुरक्षा का नया भरोसा जगाया है।
वरुणा जोन की कमान दबंग छवि वाली एडीसीपी लिपि नागयाच को सौंपी गई है। अपने कड़क फैसलों और त्वरित कार्रवाई के लिए मशहूर लिपि नागयाच ने कार्यभार संभालते ही अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। वहीं, गोमती जोन में डीसीपी नीतू काद्दयान (लेडी सिंघम) मोर्चा संभाल रही हैं। जनता से सीधा संवाद और अपराध पर गहरी पकड़ रखने वाली नीतू काद्दयान गोमती जोन को अपराध मुक्त बनाने के मिशन में जुटी हैं।

इसी कड़ी में चोलापुर थाना क्षेत्र में प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया का जलवा देखने को मिल रहा है। मानसी दहिया न केवल अपराध पर अंकुश लगा रही हैं, बल्कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान भी चला रही हैं। इन तीनों जांबाज महिला अधिकारियों की सक्रियता से वाराणसी कमिश्नरेट में महिला सशक्तिकरण का परचम बुलंद हो रहा है।


