
फतेहपुर। सोशल मीडिया में बाइक सवार दो लड़कों द्वारा आईटीआई रोड पर छात्राओं के साथ छींटाकशी का वीडियो वायरल होते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और मोटर साइकिल सहित दोनों लड़कों को दबोच लिया। बाइक को सीज करते हुए पॉक्सो एक्ट सहित कठोर धाराओं में पुलिस द्वारा ही मुकदमा पंजीकृत कराया गया।
कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल की गई कार्यवाही की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे ही कार्रवाई होने लगे तो अपराधियों के हौंसले पस्त होंगे और कहीं भी जाने आने में बहन-बेटी अपने को पूरी तरह से सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई रोड पर बाइक सवार दो लड़कों ने स्कूल जा रही छत्राओं के साथ छींटाकशी की और उनका हाथ पकड़ने की कोशिश की। कोतवाली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर पुलिस की तरफ से ही पॉक्सो एक्ट सहित कठोर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
दोनो लड़कों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। मोटर साइकिल को सीज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।


