
फतेहपुर।।जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना गाजीपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने ₹25,000 की इनामी वांछित अभियुक्ता सन्नो के आवास और उसके संभावित ठिकानों पर पहुंचकर न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा आदेश की प्रति चस्पा की। यह मामला बेहद गंभीर धाराओं से जुड़ा है जिसमें अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और अवैध धर्म परिवर्तन जैसे संगीन आरोप शामिल हैं।
अभियुक्ता सन्नो, जो कौशाम्बी जनपद के थाना कड़ा धाम अंतर्गत ग्राम लेहदरी खतीब की निवासी है, थाना गाजीपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 209/2025 के तहत लंबे समय से फरार चल रही है। उस पर भारतीय दंड विधान की धारा 366, 368, 376D, 323, 504, 506 और 120B के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की गंभीर धाराएं लगी हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रही इस महिला अपराधी पर पुलिस प्रशासन ने ₹25,000 का इनाम भी घोषित कर रखा है।
विवेचक के प्रत्यावेदन पर कड़ा रुख अपनाते हुए माननीय न्यायालय ने उद्घोषणा का आदेश जारी किया था, जिसके अनुपालन में थानाध्यक्ष गाजीपुर ने भारी पुलिस बल के साथ अभियुक्ता के गांव पहुंचकर सार्वजनिक रूप से मुनादी करवाई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सन्नो ने शीघ्र ही कानून के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया, तो नियमानुसार उसकी संपत्ति की कुर्की की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और टीम द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए निरंतर दबिश दी जा रही है।

