
फतेहपुर।। जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र में बहुआ रोड स्थित जेपी क्लिनिक पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस क्लिनिक का संचालन बिना वैध पंजीकरण के किया जा रहा है, जिससे मरीजों के उपचार में नियमों की अनदेखी हो रही है।
बताया जा रहा है कि जेपी क्लिनिक में चार-पांच बेड डालकर मरीजों को भर्ती किया जाता है। यहां उन्हें ग्लूकोज, इंजेक्शन और अन्य दवाएं दी जा रही हैं। आरोप है कि यह सब बिना किसी मान्यता या पंजीकरण के किया जा रहा है, जिससे मरीजों की सेहत के साथ बड़ा जोखिम पैदा हो रहा है।
सूत्रों का कहना है कि क्लिनिक में न तो पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं और न ही प्रशिक्षित स्टाफ की स्पष्ट जानकारी है। इसके बावजूद मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां इलाज के नाम पर गंभीर बीमारियों तक का इलाज किया जा रहा है, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है।
स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार, किसी भी अस्पताल या नर्सिंग होम के संचालन के लिए पंजीकरण, योग्य चिकित्सक, आवश्यक उपकरण और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य होता है। जेपी क्लिनिक में इन नियमों की अनदेखी किए जाने की बात सामने आ रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इस मामले की तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे अवैध अस्पतालों पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उधर इस मामले में एसीएमओ पीके सिंह का कहना है कि अवैध ढंग से नर्सिंग होम संचालित होने की जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही टीम के साथ छापा मारा जाएगा और अगर जो जानकारी प्राप्त हुई है वह सही साबित होती है तो क्लीनिक संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



