
खागा/फतेहपुर।।
सरस्वती ज्ञान मन्दिर, खखरेरू में गुरुवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र हर्षित मिश्रा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
हर्षित मिश्रा, पुत्र श्री नीरज मिश्रा एवं निवासी भदौंहा, ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं जिला पंचायत सदस्य के भावी प्रत्याशी सुनील कुमार पांडेय (निवासी रायपुर भसरौल, विद्यार्थी बुक डिपो खखरेरू) ने छात्र हर्षित मिश्रा को यथोचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्र की सराहना करते हुए कहा कि हर्षित की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री जय सिंह ने छात्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को भी सराहा।
समारोह में उपस्थित लोगों ने हर्षित मिश्रा, प्रधानाचार्य एवं समस्त अध्यापकों को बधाई देते हुए छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

