जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।
उन्नाव के सफीपुर कस्बे में उपजिलाधिकारी आवास के सामने संचालित एक मानक विहीन गेस्ट हाउस को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। हाल ही में गेस्ट हाउस में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान आई एक चौपहिया गाड़ी की खिड़की अचानक खुलने से सड़क से गुजर रही मोटरसाइकिल सवार 24 वर्षीय प्रज्ञा पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी बाद में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे कस्बे में शोक की लहर फैल गई।
जांच के आदेश
हादसे के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी शिवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आ चुका है और पूरे प्रकरण की जांच सीओ सोनम सिंह को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बिना पार्किंग के चल रहे कई गेस्ट हाउस
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफीपुर में कई गेस्ट हाउस और ढाबे बिना पार्किंग व आवश्यक मानकों के संचालित हो रहे हैं, जिससे सड़क पर वाहनों की भीड़ और अव्यवस्था बनी रहती है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई शून्य रहती है।
वर्षों से चल रहा मानक के विपरीत संचालन
सामाजिक लोगों का कहना है कि एसडीएम आवास के सामने ही वर्षों से मानकों के विपरीत गेस्ट हाउस का संचालन हो रहा है, जो प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक होनहार बेटी की मौत के बाद भी अधिकारी एक-दूसरे को आदेश दे रहे हैं, लेकिन कार्रवाई कब होगी यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
जिलाधिकारी के सामने उठेगा मामला
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आगामी तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरांग राठी के सामने यह मामला उठाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
पुलिस ने वाहन की पहचान की
वहीं कोतवाली प्रभारी सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद भाग रही चौपहिया गाड़ी की सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पहचान कर ली गई है और जल्द ही संबंधित लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


