
कानपुर।।
रावतपुर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त; मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में
शहर में जुमे की नमाज के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने स्वयं रावतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों को परखते हुए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी पश्चिम ने रावतपुर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख मस्जिदों के आसपास और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी तैनाती स्थल पर पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर नजर रखें।
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने स्थानीय नागरिकों और धर्मगुरुओं से भी मुलाकात की। उन्होंने आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए ताकि आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे और असामाजिक तत्वों में भय व्याप्त हो।



