उन्नाव।। जनपद के अचलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक लवकुश यादव (19) को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अचलगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम घर्षिल पुरवा में एक युवक को गोली मारी गई है। सूचना मिलते ही अचलगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। टिंगरा गांव निवासी लवकुश यादव पुत्र रामकेश यादव को गोली लगी थी, जिसे बिना देरी किए उपचार के लिए सीएचसी अचलगंज भेजा गया।घायल युवक का इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान लवकुश के पेट के नीचे गोली लगने का निशान पाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गोली चलाने का आरोप घर्षिल पुरवा निवासी चंदन निषाद (20) पुत्र राम किशन पर है। घटना के बाद आरोपी चंदन मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि घायल लवकुश और आरोपी चंदन आपस में दोस्त हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोलीबारी किसी विवाद के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



