
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव/शुक्लागंज। भारतीय रेलवे ने 2 अप्रैल से 13 मई तक कानपुर-लखनऊ रेल खंड पर मेगा ब्लॉक घोषित किया है। यह निर्णय शुक्लागंज स्थित गंगा नदी पर बने करीब 118 वर्ष पुराने रेल पुल की मरम्मत के चलते लिया गया है। रेलवे बोर्ड के अनुसार, शुक्लागंज गंगा रेल पुल के डाउन ट्रैक पर स्लीपर बदलने का कार्य किया जाएगा।
पुराने स्लीपरों को हटाकर उनकी जगह नए स्टील स्लीपर लगाए जाएंगे। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए यह काम प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा, जिसके कारण इस दौरान रेल यातायात प्रभावित रहेगा। 42 दिनों तक रहेगा ट्रेनों पर असर करीब 42 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी।
31 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। 14 ट्रेनें केवल कानपुर तक ही संचालित होंगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। गौरतलब है कि यह गंगा रेल पुल वर्ष 1908 में बनकर तैयार हुआ था और समय-समय पर इसकी मरम्मत एवं रखरखाव कार्य किया जाता रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से इस बार व्यापक स्तर पर स्लीपर बदलने का कार्य किया जा रहा है, ताकि आने वाले वर्षों में रेल संचालन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।



