
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जानलेवा हमले और लूटपाट में शामिल गद्दी गैंग के 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों ने बुधवार को एक युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया था और नकदी समेत मोबाइल लूट लिए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छन्दोईया निवासी श्री फैयाज ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 फरवरी 2026 को विपक्षीगणों ने एक राय होकर उनके पुत्र नोमान पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में नोमान बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी उसके पास मौजूद 20 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन आईफोन और सैमसंग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मु०अ०सं० 0066/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
दुबग्गा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल गद्दी गैंग के निम्नलिखित 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। रेहान अहमद 19 वर्ष निवासी शंकर विहार हाजी कॉलोनी, दुबग्गा, मो० यूसुफ 24 वर्ष निवासी गद्दी बगिया, दुबग्गा, नसरुद्दीन 19 वर्ष निवासी भूडाखेड़ा, रहीमाबाद हाल पता गद्दी बगिया, मुख्तार 35 वर्ष निवासी जिन्दाना, माल हाल पता गद्दी बगिया, मो० सलमान 24 वर्ष निवासी गद्दी बगिया, दुबग्गा।
इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में उप-निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वैभव जी पाण्डेय के साथ हेड कांस्टेबल सुभान खान, रंजीत कुमार और कांस्टेबल विनोद व संदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस अब इन अपराधियों के पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।




