
संवाददाता प्रज्जवल कुमार
उन्नाव। थाना अचलगंज क्षेत्र के अंतर्गत हडहा निवासी नन्हेंलाल सोनकर (55) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आज सुबह करीब 9:00 बजे अपने खेत में पानी लगाने गए थे। उनके साथ उनका पुत्र रतन भी गया था, जो इंजन चालू कराकर घर वापस आ गया था।
परिजनों के अनुसार, शाम लगभग 4:00 बजे जब रतन दोबारा खेत पहुंचा तो पिता वहां नहीं मिले। उसने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आसपास के खेतों में तलाश करने पर अपने खेत से लगभग 100 मीटर दूरी पर नन्हेंलाल का शव मिला। परिजनों का कहना है कि शव पर चेहरे के गाल के पास निशान तथा शरीर पर कई जगह चोट के चिन्ह दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
इसी बीच, समय करीब 15:45 बजे पुलिस को दूरभाष से सूचना मिली कि नन्हें लाल पुत्र स्व. मधु सोनकर का शव नहर में पड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना अचलगंज मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। वहां परिजन व ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने शव को नहर से निकालकर किनारे रख दिया था। परिजनों के मुताबिक मृतक औंधे मुंह नहर में डूबे हुए थे और बाहर निकालने के दौरान चेहरे के पास की त्वचा हट गई थी।
प्रथम दृष्टया पुलिस मृत्यु का कारण नहर में डूबना मान रही है, हालांकि शरीर पर मिले चोट के निशानों को लेकर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटनावश डूबने का है या हत्या का। फिलहाल थाना अचलगंज पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है।


