
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के उत्तरी ज़ोन के अंतर्गत थाना मड़ियांव पुलिस ने मंगलवार को वाहन चोरी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी के कुल 8 वाहन बरामद हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मड़ियांव पुलिस टीम क्षेत्र में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक शातिर चोर चोरी के वाहनों के साथ यादव चौराहे से हरदोई रोड की ओर जाने वाली सड़क पर मौजूद है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और अभियुक्त को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान अजीत शुक्ला उर्फ सुन्दरम शुक्ला (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद हरदोई का रहने वाला है और वर्तमान में लखनऊ के फैजुल्लागंज मड़ियांव क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी के 2 डाला (मिनी ट्रक) और 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए अधिकांश वाहनों के संबंध में पहले से ही मड़ियांव थाने में चोरी के मुकदमे दर्ज थे। अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 317(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




