-आर के श्रीवास्तव; प्रमुख संवाददाता






लखनऊ 14 फरवरी।
आशियाना स्थित जलवायु विहार फेज-1 के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर है। कॉलोनी के पार्क में बहुप्रतीक्षित वॉकिंग ट्रैक के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस परियोजना का शिलान्यास रेजिडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्नल आर.डी. तिवारी और सचिव एडवोकेट मनोज लाल ने ईश्वर की आराधना एवं नारियल फोड़कर किया।
इस अवसर पर कर्नल आर.डी. तिवारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अब कॉलोनीवासी पार्क में पूरी तरह सुरक्षित होकर टहल सकेंगे। लंबे समय से पार्क में बच्चों की साइकिलों और तेज आती-जाती गाड़ियों के कारण बुजुर्गों को असुविधा होती थी, लेकिन अब वॉकिंग ट्रैक बनने से यह डर खत्म हो जाएगा।”
पार्षद निधि से हो रहा है विकास
यह निर्माण कार्य पार्षद निर्मला सिंह एवं पूर्व पार्षद कमलेश सिंह के विशेष प्रयासों से पार्षद निधि से संभव हो पाया है। कॉलोनी वासियों ने इस विकास कार्य के लिए इनका आभार व्यक्त किया है।
ट्रैक की खासियत:
चौड़ाई: 2 मीटर
निर्माण सामग्री: उच्च गुणवत्ता वाली सीमेंटेड टाइल्स।
एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट मनोज लाल ने बताया कि पार्क में ट्रैक की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी। पूर्व पार्षद कमलेश सिंह की सक्रियता से आज यह कार्य धरातल पर उतर सका है। शिलान्यास के दौरान कॉलोनी के तमाम गणमान्य निवासी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की और इसे स्वास्थ्य की दृष्टि से एक बड़ा कदम बताया।


