
लखनऊ।।आज दिनांक 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत किए गए आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात वृद्धि को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सरकारों के साथ एफ.टी.ए. (Free Trade Agreement) समझौतों के बाद सरकार द्वारा उत्पाद एवं संबंधित शुल्कों में दी गई छूट से चमड़ा, जूता, कपड़ा सहित अन्य निर्यात क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारतीय निर्यातकों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूती प्राप्त होगी।
रक्षा क्षेत्र में उपयोग होने वाली वस्तुओं पर उत्पाद शुल्क को 20% से घटाकर 10% करना तर्कसंगत निर्णय है, जिससे रक्षा उत्पादन लागत में कमी आएगी।
सरकार द्वारा 17 जीवन रक्षक दवाओं पर आयात शुल्क में कमी कर कैंसर, शुगर, बी.पी. सहित गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को राहत प्रदान की गई है। साथ ही बायो-फार्मा क्षेत्र के लिए 10 करोड़ रुपये के प्रावधान से दवा निर्माण उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा।
एन.आर.आई को निवेश की छूट से निवेशकों को लाभ होगा तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
मोटर दुर्घटना में मिलने वाले मुआवज़े को टैक्स-फ्री किए जाने के निर्णय को उन्होंने बड़ी राहत बताया।
विदेश में अध्ययनरत छात्रों के खर्च पर लगने वाली टीसीएस कटौती को 5% से घटाकर 2% करना स्वागतयोग्य कदम है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
कर विवादों के निस्तारण हेतु 5 करोड़ रुपये तक के मामलों में 20% कर एवं 20% पेनाल्टी जमा कर निस्तारण की व्यवस्था व्यापारियों के लिए राहतकारी है, जिससे मुकदमेबाजी कम होगी।
सरकार द्वारा नेशनल वस्त्र, परिधान, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट और मेगा टेक्सटाइल पार्क को बढ़ावा देने की घोषणाएं भारतीय उद्योगों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी।
अंत में अमरनाथ मिश्र ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट सरकार की पूर्व नीतियों को आगे बढ़ाने वाला, भविष्य की दिशा तय करने वाला और व्यापार व उद्योग के लिए सकारात्मक बजट है।
