
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ गणतंत्र दिवस की खुशियों के बीच बदले की आग ने एक परिवार की संपत्ति को राख कर दिया। बांगरमऊ थाना क्षेत्र के नेवल गांव में एक चक्की कारोबारी की लग्जरी कार को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
देर रात की वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे
घटना गणतंत्र दिवस की दूसरी रात यानी शुक्रवार की रात की है। बांगरमऊ थाना क्षेत्र के पंचायत भवन के पास स्थित एक कारखाने के बाहर चक्की कारोबारी की महिंद्रा क्वांटो कार (Mahindra Quanto) खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि उस रात हल्की बारिश हो रही थी। इसी बीच सिर पर सफेद टोपी पहने दो संदिग्ध युवक कार के पास पहुँचते हैं।
फुटेज के अनुसार, दोनों युवकों ने कार पर ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) छिड़का और आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धूं-धूं कर जलने लगी। बारिश के बावजूद आग इतनी तेज थी कि कार का ढांचा पूरी तरह खाक हो गया।
इस मामले में नेवल गांव निवासी सुषमा देवी (पत्नी विद्यासागर कटियार) ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके विरोधियों ने इस कायराना हरकत को अंजाम दिया है। उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे राजेंद्र राठौड़ और विनीत नाम के व्यक्तियों ने उन्हें कार में आग लगने की सूचना दी। पीड़ित दीपू कटियार जब तक मौके पर पहुंचे, कार पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी। सूचना के बाद रात करीब 1 बजे दमकल की गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक लगभग 3.5 लाख रुपये की कीमत वाली यह कार पूरी तरह जल चुकी थी।

