
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। शासन की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की संवेदनहीनता का एक बड़ा नमूना गुरुवार को उन्नाव के विकास भवन में देखने को मिला। SIR (SIR) नोटिस के जवाब में अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराने पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों को अधिकारियों की लेट-लतीफी के कारण नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ा। अधिकारी अपने वातानुकूलित कमरों से घंटों गायब रहे, जबकि बाहर जनता चिलचिलाती धूप और उमस के बीच धक्के खाने को मजबूर थी।
सुबह 9 बजे से ही कतारों में लग गए थे लोग
जैसे ही विकास भवन के दरवाजे खुले, जिले के विभिन्न कोनों से आए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग अपने पैन कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य जरूरी कागजात लेकर इस डर में पहुंचे थे कि कहीं देरी होने पर उनका काम रुक न जाए। सुबह 9 बजे से ही विकास भवन परिसर में लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि परिसर छोटा पड़ गया और लोग मुख्य गेट तक लाइनों में खड़े नजर आए।
साहब आए तो 4 घंटे बाद: अव्यवस्था का बोलबाला
हैरानी की बात यह रही कि जहां जनता सुबह से अपनी बारी का इंतजार कर रही थी, वहीं संबंधित पटल के अधिकारी और कर्मचारी अपनी कुर्सियों से नदारद थे।
लोग घंटों तक खिड़कियों पर झांकते रहे, लेकिन उन्हें जानकारी देने वाला कोई नहीं था। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी दोपहर 1:00 से 1:30 बजे के बीच अपने कार्यालय पहुंचे। करीब 4 घंटे की इस देरी ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई।
पीड़ितों की जुबानी: मजबूरी और दर्द की दास्तां
विकास भवन में अव्यवस्था का आलम यह था कि बुजुर्गों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं थी। हनुमान नगर से आई शहनाज़ बेगम ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया, “मैं सुबह 11 बजे ही यहाँ पहुँच गई थी। मेरे बेटे के दस्तावेजों के संबंध में नोटिस मिला था। हम डर के मारे वक्त पर आए, लेकिन साहब लोग दोपहर 1:30 बजे आए। इतनी भीड़ में सांस लेना मुश्किल हो रहा था, लेकिन कागजात जमा करना मजबूरी है।”
वहीं, पहली खेड़ा से आईं निर्मला की कहानी और भी कष्टदायक थी। उन्होंने बताया, “मैं सुबह 9 बजे से लाइन में खड़ी हूँ। अब पैरों में दर्द हो रहा है, खड़ा होना भी मुश्किल है। अधिकारी 1:30 बजे आए हैं, अब पता नहीं मेरा नंबर कब आएगा। क्या सरकारी दफ्तरों में आम आदमी की कोई कीमत नहीं है?

