
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी की कैसरबाग पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और उसे धमकाने के आरोपी को गुरुवार तड़के गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई दिनों से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 29 दिसंबर 2025 को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता का आरोप है कि मोहम्मद अदील पुत्र मोहम्मद यूसुफ ने पहले उससे दोस्ती की और फिर शादी का झूठा वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी पीड़िता शादी का दबाव बनाती, आरोपी उसे कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी का व्यवहार समय के साथ बदल गया। जब पीड़िता ने शादी के लिए जिद की, तो आरोपी अदील ने उसे धमकी दी कि वह उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पीड़िता के साथ गाली-गलौज और अभद्रता भी की गई।
कैसरबाग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को रेड क्रॉस अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम का नेतृत्व उप-निरीक्षक रामकेश सिंह, अरविन्द कुमार और प्रशांत कुमार ने किया।
आरोपी का विवरण, नाम मोहम्मद अदील उम्र लगभग 27 वर्ष, निवासी फ्लैट नंबर 303, आगा साहब की कोठी, कैसरबाग मूल निवासी बरेली, धाराएं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 351(2), 352/115(2) के तहत मामला दर्ज। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




