
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी की मड़ियांव पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को बंधक बनाकर उनसे जबरन ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करवाता था। पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित आनंद कुमार वर्मा ने आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बंधक बनाकर उनका मोबाइल छीन लिया और डरा-धमाका कर उनके बैंक खाते से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर लिए। घटना मड़ियांव क्षेत्र से संबंधित होने के कारण मामले की जांच थाना मड़ियांव को सौंपी गई थी।
डीसीपी उत्तरी के निर्देशन में गठित टीम ने विवेचना के दौरान साक्ष्यों और संदिग्ध कार (यूपी 32 एमएन 3268) के आधार पर आरोपी की पहचान गौरव मिश्रा (23 वर्ष) के रूप में की। मड़ियांव पुलिस की एक टीम ने गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर स्थित अमर बिहार में दबिश दी और आरोपी गौरव को उसके घर के पास से ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट और डिजिटल ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। मड़ियांव थाना प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लूट, बंधक बनाने और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास की तलाश में जुटी है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र चौधरी, ज्ञानेन्द्र कुमार, आदित्य द्विवेदी और जोशी रघुवंशी शामिल रहे।




