संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।
कुसुंभी गांव निवासी विमलेश उर्फ गुड्डू की गुमशुदगी से शुरू हुआ मामला अब एक सुनियोजित और बेहद सनसनीखेज हत्या की साजिश के रूप में सामने आया है। पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में अजगैन, माखी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस अंधे हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को विमलेश के भाई कमलेश ने थाना अजगैन में तहरीर दी थी कि उसका भाई कोका-कोला फैक्ट्री काम पर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी दर्ज कर जांच की जा रही थी। इसी बीच 22 दिसंबर को माखी थाना क्षेत्र में नहर पटरी के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान विमलेश के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माखी थाना क्षेत्र के मेथीटीकुर निवासी अवधेश कुमार और विशाल कुमार को अजगैन–मोहन मार्ग स्थित कुसुंभी माता मंदिर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अवधेश कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि विमलेश की शादी उसी ने कराई थी, लेकिन उसकी पत्नी का लखनऊ निवासी युवक अजय से प्रेम संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे और इसी उद्देश्य से विमलेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
योजना के तहत 21 दिसंबर को विमलेश को शराब पीने का लालच देकर जंगल में ले जाया गया, जहां नशे की हालत में मफलर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद अजय लखनऊ की ओर फरार हो गया, जबकि अवधेश और विशाल ने शव को मोटरसाइकिल पर लादकर माखी थाना क्षेत्र में नहर किनारे फेंक दिया। मृतक का मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया गया, जबकि उसकी साइकिल और मफलर जंगल में छिपा दिए गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लखनापुर जंगल से मृतक की साइकिल, कोका-कोला कंपनी का आईडी कार्ड और हत्या में प्रयुक्त मफलर (आला-ए-कत्ल) बरामद कर लिया है। इन साक्ष्यों के साथ हत्या की पूरी कड़ी पुलिस ने जोड़ ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
गुमशुदगी से शुरू हुआ यह मामला अब प्रेम-प्रसंग में रची गई क्रूर हत्या की कहानी बनकर पूरे इलाके को झकझोर रहा है।



